Woman Scammed Of 350 Lakhs By Fearing Illegal Goods In Parcel New Cyber Fraud Modus Operandi
पार्सल में अवैध सामान का डर दिखा महिला से ठगे 3.50 लाख
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
साइबर ठगों ने वेव सिटी क्षेत्र के डासना निवासी महिला से 3.50 लाख रुपये ठग लिए। शातिरों ने पार्सल में अवैध सामान होने पर कस्टम ड्यूटी के नाम पर ठगी की। रकम नहीं देने पर जेल भेजने का डर दिखाया। मामले में रूबीना ने वेव सिटी थाने में केस दर्ज कराया है। शिकायत में बताया कि 10 मई को उनके पास वॉट्सऐप कॉल आई। कॉलर ने खुद को एक एनजीओ से बताया। कहा कि उनकी एनजीओ गरीब लड़कियों की शादी कराने और उनके दहेज में दिए जाने वाले जरूरी सामान देने में मदद करती है। विश्वास में लेने के लिए उसने उन्हें कुछ जूलरी और कपड़ों के फोटो भी भेजे। विश्वास में लेकर उसने मदद के नाम पर कुछ रकम ले ली। रूबीना का कहना है कि इसके बाद 11 मई को फिर से उसी व्यक्ति ने उन्हें कॉल कर कहा कि एनजीओ ने उन्हें जो फोटो भेजे थे, उस सामान को वह मुंबई एयरपोर्ट पर लेकर पहुंचा, जहां सामान अधिक होने के कारण उन्हें कस्टम विभाग ने पकड़ लिया।
पार्सल में अवैध सामान बताया। इसके बाद उनके बताए अनुसार, कम नहीं करने पर जेल भेजने की धमकी दी गई। कुछ फोटो और दस्तावेज भेजकर उन पर मानसिक दबाव बनाया और कस्टम ड्यूटी के नाम पर उनसे कई बार में 3.40 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। डर के कारण उन्होंने पास के ही एक साइबर कैफे पर जाकर रकम ट्रांसफर कराई। बाद में उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। ठगी गई रकम को फ्रीज कराने का प्रयास किया जा रहा है।