Action On Illegal Construction In Dlf Phase People Say Give One two Months We Will Fix Shortcomings
‘एक-दो महीने का वक्त दें, दूर करेंगे कमियां’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, DLF फेज-3: शहर में DLF फेज-1 से 5 तक अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई से लोगों में गुस्सा है। विरोध में गुरुवार को लोगों ने पंचायत की। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सीलिंग के दौरान कई किरायेदारों का सामान अंदर ही बंद हो गया। लोगों ने टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के खिलाफ नारे भी लगाए। उन्होंने कहा कि सीलिंग और तोड़फोड़ तुरंत रोकी जाए। दिल्ली की तर्ज पर कॉलोनी और भवनों को नियमित किया जाए। जिन भवनों में नियमों का उल्लंघन है, उन्हें स्वयं सुधारने के लिए एक से दो महीने का समय दें। किरायेदारों और छात्रों को पर्याप्त समय देकर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पंचायत में लोगों ने अधिकारियों की ओर से कार्रवाई के विडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि प्रशासनिक कार्रवाई का उद्देश्य कानून का पालन करवाना होना चाहिए, न कि प्रचार करना। आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी सोशल मीडिया पर विडियो डालकर अपनी छवि चमकाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि आम लोग परेशान हैं। लोगों ने कहा कि सीलिंग और तोड़फोड़ के चलते कई छात्राओं, महिलाओं और बच्चों को अचानक पीजी और मकानों से बाहर निकलना पड़ा।