बंधवाड़ी लैंडफिल में फिर धधकी आग, पास के गांवों में भरा धुआं

नवभारतटाइम्स.कॉम
bandhwari landfill catches fire again toxic smoke spreads to villages questions raised on administration
n NBT न्यूज, गुड़गांव : बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर गुरुवार सुबह एक बार फिर पर आग लग गई। जिससे आसपास के गांवों में काला धुआं फैल गया। सुबह करीब छह बजे आग लगने के बाद आसमान में दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा। आग की सूचना फायर ब्रिगेड को सुबह करीब सात बजे मिली। जिसके बाद विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

घटना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड को सूचना मिली। मौके पर सोहना और सेक्टर-29 से दमकल टीमें भेजी गईं। हर गाड़ी ने 4 से 5 चक्कर लगाए और लगातार पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ऑफिसर माम चंद ने बताया कि करीब साढ़े बारह बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
बार-बार आग से कार्रवाई पर सवाल: बंधवाड़ी लैंडफिल में अप्रैल 2025 और अप्रैल 2026 में भी आग लग चुकी है। हर घटना के बाद निगम और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी सर्वे करते हैं लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई केवल खानापूर्ति तक सीमित रह जाती है और स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।

कचरे का पहाड़ बना परेशानी: बंधवाड़ी में अभी भी लाखों टन पुराना कचरा पड़ा हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार कचरे के भीतर बनने वाली मीथेन गैस और बढ़ते तापमान के कारण आग लगने की आशंका बनी रहती है। निवासियों का कहना है कि जब तक पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण नहीं किया जाएगा, तब तक आग और प्रदूषण की समस्या से छुटकारा मिलना मुश्किल है।