छज्जा गिरने से चचेरे भाई-बहन की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
bulandshahr cousin brother sister tragically die in roof collapse mourning in village
n NBT न्यूज, बुलंदशहर : क्षेत्र के तोरई गांव में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसे में चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई। घर के पास स्थित घेर में पशुओं के लिए चारा काटने जाते समय दोनों बच्चों पर मकान का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। मलबे में दबने से दोनों की जान चली गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, राजपाल का बेटा दीपांशु (14) और उसके चाचा महेश की बेटी रितिका (11) घर से करीब 20 मीटर दूर स्थित घेर में जा रहे थे। दोनों रोज की तरह मुख्य दरवाजे से अंदर प्रवेश कर रहे थे, तभी दरवाजे के ऊपर बना भारी-भरकम छज्जा अचानक टूटकर उनके ऊपर आ गिरा। तेज धमाके और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक दीपांशु कक्षा नौ का छात्र था, जबकि रितिका कक्षा पांच में पढ़ती थी। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एसडीएम प्रियंका गोयल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही हल्का लेखपाल को मौके पर भेजा गया।