निर्जला एकादशी पर शहर में लगीं छबील और भंडारे

नवभारतटाइम्स.कॉम
chhabil and bhandara organized in the city on nirjala ekadashi devotees performed puja archana
n NBT न्यूज, गुड़गांव: शहर में गुरुवार को भीमसेनी निर्जला एकादशी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही पूजा-अर्चना, कीर्तन, छबील और भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु की आराधना की और दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना की। शीतला माता मंदिर में सुबह से ही छबील लगाई गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर के सीईओ सुमित कुमार ने मंदिर कर्मचारियों को कपड़े भेंट किए। मंदिर के मुख्य पुजारी हरिओम ने बताया कि निर्जला एकादशी का व्रत करने से वर्ष भर पड़ने वाली सभी एकादशियों के व्रत के बराबर पुण्य प्राप्त होता है। इस बार अधिक मास के कारण इस व्रत से लोगों को 26 एकादशी का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मौसमी फलों का वितरण भी किया गया तथा श्रद्धालुओं ने पितरों की शांति और कृपा के लिए दान-पुण्य किया। इस मौके पर मंदिर के यदत्त शर्मा भी मौजूद रहे। वहीं, सिद्धेश्वर मंदिर में भी सुबह से धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा-पाठ और दान-पुण्य में भाग लिया। यहां आम पन्ना की छबील लगाई गई, जबकि शाम को भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। पंडित लक्ष्मीकांत गोस्वामी ने बताया कि निर्जला एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित महत्वपूर्ण व्रत है और इसका विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है, क्योंकि इसे भीम ने भी किया था। शहर के कई क्षेत्रों में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा छबील, शरबत वितरण तथा भंडारों का आयोजन किया गया।