Couple Duped Of 16 Lakhs By Promising Profits In Us Stock Market New Scam By Cybercriminals
अमेरिकी शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा, दंपती से "16 लाख ठगे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा : भारत और अमेरिका के शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर अपराधियों ने एक दंपती से करीब 16 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए संपर्क कर खुद को निवेश विशेषज्ञ बताया और मावेरिक्स कैपीटल नामक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराकर निवेश कराया। जब दंपती ने मुनाफे की रकम निकालने की कोशिश की तो ऐप बंद हो गया।
पंचशील ग्रींस-1 सोसायटी निवासी अभय प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि पिछले वर्ष नवंबर-दिसंबर में उन्हें वॉट्सऐप के जरिए एक निवेश संबंधी ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में मौजूद लोग शेयर बाजार के विशेषज्ञ बनकर भारत और अमेरिका के बाजार में ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफे का दावा कर रहे थे। ठगों ने उन्हें मावेरिक्स कैपीटल नाम का ऐप डाउनलोड कराया और विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा कराने के लिए कहा। शुरुआत में छोटी राशि निकालने का प्रयास सफल रहा, जिससे उनका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद अभय ने करीब 9.16 लाख रुपये और उनकी पत्नी ने 6.75 लाख रुपये निवेश कर दिए। कुल 15.91 लाख रुपये जमा करने के बाद जब उन्होंने बड़ी रकम निकालने का प्रयास किया तो निकासी नहीं हो सकी। इसी दौरान ऐप ने भी काम करना बंद कर दिया और वॉट्सऐप ग्रुप में मौजूद लोगों ने जवाब देना बंद कर दिया। तब दंपती को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न बैंक खातों में करीब 5.19 लाख रुपये होल्ड करा दिए। हालांकि अदालत के आदेश के बाद अब तक केवल 40 हजार रुपये ही वापस मिल सके हैं।