‘तय समय सीमा में पूरे करें सभी विकास कार्य’

नवभारतटाइम्स.कॉम
gurugram development work acceleration gmda ceos strict instructions on cm announcements complete work within deadline
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीसी मीणा ने शहर के विकास के लिए मुख्यमंत्री की घोषणाओं और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उच्च स्तरीय बैठक के दौरान सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जो एजेंसियां काम में ढिलाई बरतेंगी, उन पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। शहरवासियों को बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए सेक्टर-102 में 679.08 करोड़ की लागत से श्री माता शीतला देवी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना में 150 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज और 883 बेड का आधुनिक अस्पताल शामिल है। अस्पताल से जुड़े सभी गैर-चिकित्सा और आईटी संबंधी कार्यों को अक्टूबर के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। शहर में जलभराव और सीवेज की समस्या से निपटने के लिए जीएमडीए बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचा मजबूत कर रहा है। वर्तमान में शहर में 433 एमएलडी क्षमता के 7 एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) चल रहे हैं। नए प्रॉजेक्ट्स पूरे होने के बाद यह क्षमता बढ़कर 773 एमएलडी हो जाएगी। सेक्टर 103 से 115 सीवरेज नेटवर्क का काम अलॉट किया जा चुका है। नौरंगपुर में 40 एमएलडी और धनवापुर में 100 एमएलडी क्षमता के एसटीपी के लिए टेंडर जारी हो चुके हैं। वहीं, बेहरामपुर और सेक्टर-107 में 100-100 एमएलडी के दो अन्य प्रस्तावित एसटीपी के टेंडर 15 जुलाई तक जारी कर दिए जाएंगे। चंदू बुढेड़ा जल शोधन संयंत्र (WTP) का विस्तार किया जा रहा है। 70.20 करोड़ की लागत से तैयार 100 एमएलडी क्षमता वाली यूनिट-4 को चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही जीएमडीए की कुल जल आपूर्ति क्षमता अब 670 एमएलडी हो गई है।