High Voltage Lines Open Wires Become Death Trap Fear Among People Near Rajiv Chowk
हाई वोल्टेज लाइन के खुले तारों से हादसे का खतरा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव: सिविल लाइंस एरिया में राजीव चौक के पास एक मकान के निकट खुले पड़े हाई वोल्टेज लाइन के तार स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। क्षेत्र के करीब 20 परिवार इन तारों की वजह से दहशत में हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस स्थान पर ये तार हैं, वहां सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होता है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासी गोहित ने बताया कि खुले हाई वोल्टेज तार लंबे समय से लोगों को टेंशन दे रहे हैं। कई बार संबंधित अधिकारियों को इस बारे में बताया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि कार्यक्रमों के दौरान बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग जल्द से जल्द खुले तारों को कवर कराए और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करे, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। कादीपुर सब डिवीजन के एसडीओ जगदीप ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। निगम की टीम को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। तारों को सुरक्षित किया जाएगा। लोगों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और शिकायत का जल्द समाधान कराया जाएगा।