10 से 15 बार लग रहे पावर कट, पानी को भी तरसे लोग

नवभारतटाइम्स.कॉम
power cut havoc in summer 10 15 power cuts people also thirsted for water
n तरुण तायल, गुड़गांव

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती और ट्रिपिंग लोगों की परेशानी का बड़ा कारण बनी हुई है। झाड़सा, इस्लामपुर, कन्हई व सेक्टर-32 सहित आसपास के कई गांवों और सेक्टरों में उपभोक्ता दिनभर 10 से 15 बार तक बिजली कटौती और ट्रिपिंग की शिकायत कर रहे हैं। लगातार बिजली जाने से घरों में कूलर और एसी बंद हो रहे हैं, इनवर्टर भी पूरी तरह चार्ज नहीं हो पा रहे हैं और पानी की मोटर बंद होने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। रात के समय लंबे बिजली कट के कारण बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
366 ट्रांसफॉर्मरों के चारों ओर की जाएगी फेंसिंग

बिजली संकट के बीच दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ( डीएचबीवीएन ) ने बिजली ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ऑपरेशन सर्कल-2 के अंतर्गत 366 ट्रांसमॉर्मरों के चारों ओर फेंसिंग की जाएगी। इस प्रॉजेक्ट पर 2 करोड़ 47 लाख 33 हजार 352 रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। 14 जुलाई तक एजेंसियां बोलियां जमा कर सकेंगी, जबकि 16 जुलाई को तकनीकी और वित्तीय बिड खोली जाएगी। पूरे कार्य को 90 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

'बिजली आपूर्ति दुरुस्त करना ज्यादा ज़रूरी'

लोगों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा जरूरी है, लेकिन इसके साथ बिजली आपूर्ति को भी दुरुस्त करना होगा। अगर बार-बार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और स्थानीय फॉल्ट की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तो गर्मी के मौसम में लोगों को काफी राहत मिल सकती है। लगातार बिजली कटौती का असर घरेलू जीवन के साथ-साथ छोटे कारोबार, ऑनलाइन काम और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है।