Two Smugglers Arrested With Ganja Consignment In Ncr Goods Worth 16 Lakhs Recovered
NCR में सप्लाई के लिए ट्रेन से पहुंच रही थी गांजे की खेप, दो तस्कर अरेस्ट
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा : पश्चिम बंगाल से ट्रेन के जरिए दिल्ली तक गांजे की खेप पहुंचाकर एनसीआर में सप्लाई करने वाले दो अंतरराज्यीय तस्करों को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 62.4 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार कीमत करीब 16 लाख आंकी गई है। मामले ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में होने वाली सुरक्षा जांच पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि फेज-1 थाना पुलिस ने गुरुवार को सेक्टर-8 स्थित नर्सरी गेट के पास से मुजफ्फर अंसारी और टिंकू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे लंबे समय से पश्चिम बंगाल से गांजे की खेप मंगाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई कर रहे थे। आरोपियों ने बताया कि गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में पैक कर ट्रेन से दिल्ली लाया जाता था। पकड़े जाने के जोखिम को कम करने के लिए इन पैकेटों को अलग-अलग बोगियों में रखवा दिया जाता था। दिल्ली पहुंचने के बाद सभी पैकेटों को एक जगह इकट्ठा कर बड़ी बोरी में भरा जाता और फिर किराये के ऑटो व ई-रिक्शा से नोएडा लाकर सप्लाई की जाती थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पश्चिम बंगाल से दिल्ली तक नशीले पदार्थ की सप्लाई में किसी बड़े गिरोह की भूमिका तो नहीं है।