Unite To Prevent Road Accidents Important Directives In District Road Safety Committee Meeting
‘सड़क हादसे रोकने को मिलकर करें काम’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: जिले में सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को कम करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ब्लैक स्पॉट, सड़क सुरक्षा उपायों, जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान , स्कूल बसों की सुरक्षा, ओवरलोडिंग और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
एडीसी सोनू भट्ट ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर चल रहे सुधार कार्यों की समीक्षा कर कहा कि जहां सड़क संकेतक, रोड मार्किंग, स्ट्रीट लाइट, फुटपाथ, पैदल पार पथ की कमी है, उन्हें प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। पचगांव चौक सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर कार्यों में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान की समीक्षा करते हुए दुर्घटना स्थलों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया।