Homeguard Abused Auto Driver Removed From Duty After Video Goes Viral
जबरन ऑटो में बैठकर गालियां दीं, होमगार्ड को ड्यूटी से हटाया
Contributed by: Akhil.Saxena1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, इफ्को चौक
शहर के इफ्को चौक के पास एक होमगार्ड ने ऑटो चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया। सोशल मीडिया पर बदसलूकी का विडियो आने के बाद पुलिस ने आरोपी होमगार्ड को ड्यूटी से हटा दिया है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात से इंटरनेट पर एक विडियो प्रसारित हो रहा है। विडियो में दिख रहा है कि एक होमगार्ड सड़क किनारे खड़े ऑटो में आकर बैठ जाता है और चालक पर पास के ही एक चौक पर छोड़ने का दबाव बनाता है। ऑटो चालक ने अपनी पहले की बुकिंग का हवाला देते हुए जाने से इनकार किया तो होमगार्ड ने चालक के साथ न सिर्फ बहस की, बल्कि सरेआम गाली-गलौज और बदसलूकी भी की। ऑटो चालक ने पूरी घटना का विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने गुड़गांव पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाने शुरू कर दिए। मामले को देख पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विडियो में दिख रहे होमगार्ड की पहचान प्रवेश के रूप में हुई है। अनुशासनहीनता को बर्दाश्त न करते हुए उसे ड्यूटी से हटा दिया गया है।