Identity Of Citizenship Do Passport Voter Id And Aadhaar Card Truly Prove Citizenship
नागरिक होने की पहचान क्या है
नवभारतटाइम्स.कॉम•
क्या पासपोर्ट भारतीय नागरिक होने का अंतिम प्रमाण है? क्या वोटर आई कार्ड नागरिकता का प्रमाण है? क्या आधार कार्ड नागरिकता के लिए दस्तावेज है? ये तमाम सवाल हैं, जिन पर समय-समय पर विवाद होता रहा है। सच यह है कि भारतीय नागरिकता का निर्धारण संविधान और नागरिकता अधिनियम, 1955 के तहत होता है, जबकि पासपोर्ट अधिनियम, 1967 विदेश यात्रा के लिए दस्तावेज जारी करने की व्यवस्था है। वोटर आई कार्ड वोटिंग के लिए है और आधार पहचान पत्र है।
नागरिकता पर संविधान में प्रावधान । भारत में नागरिकता का मूल आधार भारतीय संविधान के अनुच्छेद 5 से 11 और नागरिकता अधिनियम, 1955 हैं। अनुच्छेद 5 के अनुसार, संविधान लागू होने के समय भारत में निवास करने वाले और भारत से संबंध रखने वाले लोगों को नागरिकता दी गई। इसमें वे लोग शामिल थे जो भारत में जन्मे थे, जिनके माता-पिता में से कोई भारत में जन्मा था। अनुच्छेद 6 से 8 में विभाजन के बाद भारत आए लोगों, पाकिस्तान गए और वापस लौटे लोगों तथा विदेशों में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों की नागरिकता के नियम बनाए गए। अनुच्छेद 9 के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति स्वेच्छा से किसी दूसरे देश की नागरिकता ले लेता है तो उसकी भारतीय नागरिकता समाप्त हो सकती है। अनुच्छेद 10 और 11 संसद को नागरिकता से जुड़े कानून बनाने का अधिकार देते हैं। नागरिकता पाने के तरीके । जन्म द्वारा (By Birth): यह उन लोगों पर लागू होता है, जिनका जन्म भारत में 26 जनवरी 1950 से 1 जुलाई 1987 के बीच हुआ हो। इसके बाद हुए जन्मों के लिए आवश्यक है कि कम से कम माता या पिता में से कोई एक भारतीय नागरिक हो।
n वंश/पैतृक आधार पर (By Descent): यह उन व्यक्तियों पर लागू होता है जिनका जन्म भारत के बाहर हुआ हो और जन्म के समय उनके माता-पिता भारतीय नागरिक रहे हों।
n पंजीकरण द्वारा (By Registration): यह भारतीय मूल के व्यक्तियों या भारतीय नागरिकों से विवाह करने वाले उन लोगों के लिए है, जो निर्धारित निवास संबंधी शर्तों को पूरा करते हों।
n प्राकृतिककरण द्वारा (By Naturalization): यह उन विदेशी नागरिकों के लिए है जो भारत में कानूनी रूप से निवास करते हैं और भाषा, चरित्र तथा निवास अवधि से संबंधित आवश्यक शर्तों को पूरा करते हैं।
n क्षेत्र के भारत में विलय द्वारा (By Incorporation of Territory): यदि कोई नया क्षेत्र भारत का हिस्सा बन जाता है, तो उस स्थिति में नागरिकता प्राप्त हो सकती है।
क्या पासपोर्ट नागरिकता का प्रमाण । पासपोर्ट एक महत्वपूर्ण सरकारी पहचान दस्तावेज है, लेकिन यह नागरिकता का अंतिम या निर्णायक प्रमाण नहीं माना जाता। पासपोर्ट अधिनियम, 1967 के तहत पासपोर्ट विदेश यात्रा की अनुमति देने वाला दस्तावेज है। किसी व्यक्ति की नागरिकता तय करने के लिए जन्म रेकॉर्ड, माता-पिता की नागरिकता, सरकारी रेकॉर्ड और नागरिकता कानून के तहत अन्य प्रमाण देखे जा सकते हैं।
आधार कार्ड क्या है । आधार कार्ड पहचान पत्र है। सुप्रीम कोर्ट में चुनाव आयोग ने SIR मामले की सुनवाई के दौरान कहा था कि आधार कार्ड को नागरिकता का प्रमाण नहीं माना जा सकता। भारत सरकार द्वारा नागरिकों को यह जारी किया जाता है।
वोटर आई कार्ड । इसी तरह, भारतीय संविधान का अनुच्छेद 326 सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की गारंटी देता है। 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र का भारतीय नागरिक वोट देने का अधिकार रखता है।
अनुच्छेद 326 के प्रमुख प्रावधान । सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार, हर योग्य नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग ले सकता है। इसमें जाति, धर्म, नस्ल, लिंग या सामाजिक-आर्थिक स्थिति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जा सकता। 1989 में संविधान संशोधन के जरिये 21 साल से घटाकर मतदान की उम्र 18 वर्ष कर दी गई। हालांकि वोट देने का अधिकार संविधान द्वारा दिया गया है, लेकिन अनुच्छेद 326 के तहत कानून में तय कुछ कारणों से किसी व्यक्ति को मतदान से अयोग्य किया जा सकता है। भारतीय चुनावों में वोट देने का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को है।
फिर नागरिक कौन । सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट ज्ञानंत सिंह कहते हैं कि हम खुद ही घोषित करते हैं कि भारतीय संविधान और सिटीजनशिप एक्ट के तहत हम भारत के नागरिक हैं। यही क्वेश्चन ऑफ फैक्ट है। हम संविधान और कानूनी क्राइटेरिया में आते हैं तो हम भारत के नागरिक हैं और इसके लिए कोई अलग से दस्तावेज नहीं है। हां यह बात तय है कि इसी क्राइटेरिया के आधार पर पासपोर्ट, वोटर आईकार्ड या आधार कार्ड आदि बनता है। यानी पासपोर्ट और वोटर आई कार्ड भारतीय नागरिक को ही मिलेगा। लेकिन पासपोर्ट और वोटर आई कार्ड होना नागरिकता दस्तावेज नहीं है।