Lawyers Announcement Against E registry Will Protest On Cms Arrival
वकीलों का ऐलान, मुख्यमंत्री के आगमन पर करेंगे प्रदर्शन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ताओं की हड़ताल 16वें दिन शुक्रवार को भी जारी रही। हड़ताल के चलते रजिस्ट्री कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे आम लोगों को संपत्ति संबंधी कार्यों में परेशानी हुई। शुक्रवार को बार असोसिएशन की बैठक में निर्णय लिया गया कि जेवर क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन के दौरान ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। बार असोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप भाटी ने कहा कि ई-रजिस्ट्री प्रणाली पूरी तरह दोषपूर्ण है और इससे अधिवक्ताओं के साथ-साथ स्टांप विक्रेता, नोटरी, टाइपिस्ट, बैनामा लेखक, की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस व्यवस्था को लागू कर लोगों को गुमराह कर रही है। बार असोसिएशन अपनी मांगों को लेकर स्थानीय सांसद तथा क्षेत्र के दोनों विधायकों को भी ज्ञापन दे चुका है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। पूर्व असोसिएशन अध्यक्ष रोहताश नागर ने कहा कि शनिवार को मुख्यमंत्री के जेवर दौरे के दौरान अधिवक्ता ई-रजिस्ट्री के विरोध में प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।