Noida Rs 1550 Lakh Cheated In The Name Of Plot Sale Fir Registered Against Three
प्लॉट बेचने के नाम पर 15.50 लाख रुपये की ठगी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, नोएडा
प्लॉट बेचने के नाम पर 15.50 लाख रुपये की ठगी और फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसी जमीन को दूसरे व्यक्ति के नाम बेचने के आरोप में सेक्टर-20 थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में दस्तावेजों, लेनदेन और भूमि संबंधी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।शिकायतकर्ता अशोक यादव के मुताबिक, सितंबर 2025 में उनकी परिचित कमलेश अपने बेटे नवीन और बेटी बबीता के साथ सेक्टर-18 स्थित उनके कार्यालय आई थीं। आरोप है कि कमलेश ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के बी-ब्लॉक स्थित किसान आबादी का अपना प्लॉट बेचने की पेशकश की। दोनों पक्षों के बीच एक करोड़ 1.20 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायत के अनुसार, 27 से 29 सितंबर 2025 के बीच अशोक यादव ने नकद और चेक के जरिए कुल 10.50 लाख रुपये अग्रिम के रूप में दिए और एग्रीमेंट टू सेल कराया। इसके बाद 26 अक्टूबर को एग्रीमेंट का नोटरी पंजीकरण कराने के दौरान 5 लाख रुपये और दिए गए। इस तरह कुल 15.50 लाख रुपये का भुगतान किया गया। शेष 85.70 लाख रुपये बैनामा के समय देने पर सहमति बनी थी। आरोप है कि बाद में बैनामा कराने के लिए संपर्क करने पर कमलेश, नवीन और बबीता टालमटोल करने लगे और फिर बातचीत करना भी बंद कर दिया। जांच कराने पर पता चला कि आरोपियों ने कथित रूप से 220 वर्ग गज जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसी प्लॉट का बैनामा जितेंद्र कुमार नाम के व्यक्ति के पक्ष में कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर कमलेश, नवीन और बबीता के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इस ठगी में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।