n NBT न्यूज नोएडा : मुहर्रम पर शुक्रवार को सेक्टर-8 स्थित जामा मस्जिद से दोपहर तीन बजे ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस सेक्टर-9 बांस बल्ली मार्केट, सेक्टर-21/25 नोएडा स्टेडियम चौराहा, सेक्टर-11 एचसीएल, सेक्टर-5 पानी की टंकी होते हुए सेक्टर-4 के पार्क में संपन्न हुआ। जुलूस में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सेक्टर-8, 9 और 10 तिराहे पर महानगर कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष शाहबुद्दीन ने अपने साथियों के साथ विभिन्न अखाड़ों के सदरों व जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया। इस दौरान सेक्टर-9 के इस्लामिया अखाड़ा, सेक्टर-8 जामा मस्जिद के गोसिया अखाड़ा, हुसैनिया अखाड़ा, रहमानी अखाड़ा, हुसैनी अखाड़ा, आला हजरत बच्चा अखाड़ा, आलिया बच्चा अखाड़ा व सेक्टर-16 के मोहम्मदी अखाड़ा सहित विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। शाहबुद्दीन ने कहा कि हजरत इमाम हुसैन का संघर्ष, त्याग और बलिदान मानवता को अन्याय, अत्याचार और असत्य के खिलाफ डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम का संदेश शांति, भाईचारे और इंसानियत की रक्षा का है।