चढ़ावा चोरी में आरोपियों के घर खंगाले गए, कैश-जूलरी बरामद
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज अयोध्या
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा राशि चोरी मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों के जेल भेजे जाने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रविवार सुबह पुलिस टीमों ने सभी आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी कर उनकी आय के स्रोत, संपत्ति और वित्तीय दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान कुछ स्थानों से कैश और आभूषण भी बरामद किए गए। हालांकि, पुलिस ने बरामदगी का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है।रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव के घरों पर ताला मिला। बाद में परिजनों की मौजूदगी में तलाशी ली गई और कागजातों की जांच की गई। रुदौली में आरोपी लवकुश मिश्रा के घर पुलिस ने उसके दादा से पूछताछ की। अंजनीपुरम में सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर ताला मिलने पर पड़ोसियों से जानकारी जुटाई गई।
कौशलपुरी स्थित अनुकल्प मिश्रा के घर पुलिस ने संपत्ति संबंधी दस्तावेज और बैंक खातों की जानकारी खंगाली और परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ की। वहीं अविनाश शुक्ला के घर कोई नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी ली। नया घाट में रमाशंकर मिश्रा के घर पुलिस ने तलाशी लेकर परिजनों से पूछताछ की और कुछ दस्तावेजों पर साइन भी कराए। पुलिस पूरे मामले में आरोपियों की संपत्ति और आर्थिक लेनदेन की जांच कर रही है।