n NBT न्यूज, लखनऊ : अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में गोमती तट स्थित लक्ष्मण मेला मैदान के छठ घाट पर दो दिवसीय चैती छठ महापर्व संपन्न हुआ। बुधवार की सुबह उदीयमान सूर्य भगवान को अर्घ्य देने के साथ ही इस महापर्व का समापन हुआ। इस अवसर पर भारी संख्या में व्रतियों और समाज के लोगों ने गोमती तट पर पूजा-अर्चना की। अर्घ्य के पश्चात व्रती महिलाओं ने एक-दूसरे को पारंपरिक लंबा सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य की मंगलकामना की और प्रसाद ग्रहण कर पारण किया। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि संस्था के नेतृत्व में पिछले 42 वर्षों से लगातार छठ महापर्व का यह भव्य आयोजन किया जा रहा है। घाट पर संरक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह, राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह, वेद प्रकाश राय, जितेन्द्र सोनकर, रामयतन यादव, सुनील सिंह और पंडित राज कुमार आदि मौजूद रहे।



