n NBT न्यूज, फरीदाबाद
नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के 61 बैंक्विट हॉल और मैरिज पैलेस सील कर दिए हैं। इन पर करीब 3.19 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है। साथ ही निगम ने 131 अन्य संचालकों को नोटिस जारी कर जल्द भुगतान के निर्देश दिए हैं। इससे अप्रैल में होने वाली शादियों पर असर पड़ेगा। ये सभी बैंक्विट व मैरिज हॉल बुक हो चुके हैं। जिन लोगों ने इन्हें बुक किया था, उन्हें अब इसकी चिंता सता रही है कि वे कहां और कैसे शादी करेंगे।
निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर अडिशनल कमिश्नर-1 सलोनी शर्मा की निगरानी में यह अभियान चलाया गया। जेडटीओ की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न जोन में कार्रवाई करते हुए बकायेदारों की प्रॉपर्टी सील की। निगम के अनुसार, सबसे ज्यादा बकाया एनआईटी जोन-2 में सामने आया, जहां 35 यूनिट्स पर करीब 2.67 करोड़ रुपये बकाया हैं। इसके अलावा ओल्ड जोन-1 में 12 यूनिट्स पर 36 लाख रुपये और ओल्ड जोन-2 में 14 यूनिट्स पर 15 लाख रुपये से अधिक की देनदारी दर्ज की गई। अडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने स्पष्ट किया कि बकायेदारों को पहले ही नोटिस देकर पर्याप्त समय दिया गया था। इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं कराने पर सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नोटिस दिए गए 131 बैंक्विट हॉल पर भी जल्द कार्रवाई होगी।



