लग्ज़री इलेक्ट्रिक कारों का GenZ बन पाएगी ये कार?

नवभारतटाइम्स.कॉम

मर्सडीज की नई CLA इलेक्ट्रिक सिडैन GenZ को लुभाने के लिए तैयार है। यह कार अपने शानदार डिजाइन, दमदार फीचर्स और बेहतरीन ड्राइविंग अनुभव के साथ आती है। इसकी लंबी रेंज और फास्ट चार्जिंग क्षमता इसे खास बनाती है। पीछे की सीट में कुछ कमियां जरूर हैं, लेकिन यह एक स्टाइलिश और टेक्नोलॉजी से भरपूर प्रीमियम EV है।

लग्ज़री इलेक्ट्रिक कारों का GenZ बन पाएगी ये कार?

कागजों पर भले ही मर्सडीज की नई CLA इलेक्ट्रिक सिडैन एक ‘एंट्री-लेवल’ ईवी हो, लेकिन सड़क पर उतरते ही यह उस तमगे की सीमाएं तोड़ देती है। इसका अंदाज कुछ वैसा ही, जैसा आज की GenZ खुद को पेश करती है- स्मार्ट, तेज और अलग पहचान के साथ। हमने इसकी शुरुआती ड्राइव में यही जानने की कोशिश की कि इस चमक-दमक के पीछे असली दम कितना है।

CLA इलेक्ट्रिक का डिजाइन देखते ही समझ आता है कि इसे हवा को चीरने के लिए तैयार किया गया है। स्मूद और फ्लोइंग शेप, कूपे जैसी ढलती छत और फ्रेमलेस दरवाजे इसे स्पोर्टी पहचान देते हैं। फ्रंट ग्रिल बंद है, फ्लश डोर हैंडल और चारों तरफ बिखरे Mercedes के स्टार इसे फ्यूचरिस्टिक टच देते हैं। ग्रिल में जड़े छोटे-छोटे रोशन सितारे इसे भीड़ में अलग बनाते हैं।


लग्ज़री इलेक्ट्रिक कारों का GenZ बन पाएगी ये कार?

केबिन में कदम रखते ही प्रीमियम फील साफ झलकती है। ग्लॉसी पैनल पर फैला डुअल-स्क्रीन सेटअप और साफ-सुथरा लेआउट इसे मॉडर्न बनाता है। AMG लाइन ट्रिम के साथ स्टीयरिंग और सीट्स में स्पोर्टीपन भी जुड़ जाता है। फ्रंट सीट्स आरामदायक और सपोर्टिव हैं, लेकिन पीछे की सीट थोड़ी कमजोर कड़ी है। बैटरी के कारण फ्लोर ऊंचा है, जिससे अंडर थाई सपोर्ट कम हो जाती है। हेडरूम भी सीमित है, इसलिए लंबे लोगों को भी दिक्कत होती है। बूट स्पेस 405 लीटर का है और साथ में 101 लीटर का फ्रंक भी मिलता है, जो रोजमर्रा में काम आता है।

फीचर्स के मामले में यह कार पूरी तरह टेक-लोडेड है। नया MB.OS सिस्टम तेज और रिस्पॉन्सिव है, जबकि AI बेस्ड वर्चुअल असिस्टेंट आपकी आदतों को समझते हुए कार के अनुभव को पर्सनल बना देता है। 14-इंच टचस्क्रीन, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, मसाज सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ और Burmester साउंड सिस्टम इसे लग्जरी फील देते हैं। OTA अपडेट्स की सुविधा इसे भविष्य के लिए तैयार बनाती है। हालांकि, फिजिकल बटन की कमी लोगों को खल सकती है।

सेफ्टी के मोर्चे पर भी यह मजबूत है। 6 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा और Level 2+ ADAS फीचर्स जैसे अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट और ऑटो ब्रेकिंग इसे सुरक्षित बनाते हैं। खास बात यह है कि ये सिस्टम जरूरत से ज्यादा दखल नहीं देते, जिससे ड्राइविंग नेचुरल बनी रहती है।

ड्राइविंग के मामले में CLA इलेक्ट्रिक काफी रिफाइंड अनुभव देती है। 272hp वाला मोटर स्मूद और प्रोग्रेसिव पावर देता है और 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार 6.7 सेकंड में पकड़ लेती है। इसका 2-स्पीड गियरबॉक्स लो स्पीड पर ताकत और हाई स्पीड पर एफिशिएंसी का अच्छा संतुलन बनाता है। राइड क्वालिटी संतुलित है- न ज्यादा सॉफ्ट, न ज्यादा हार्ड। खराब सड़कों पर भी यह आराम से निकल जाती है और हाइवे पर काफी स्टेबल महसूस होती है। स्टीयरिंग सटीक है और मोड़ों पर ड्राइव मजेदार बनाती है। केबिन की खामोशी सबसे बड़ी खूबियों में से एक है।

रेंज इसकी बड़ी ताकत है। कंपनी 792 किमी का दावा करती है, लेकिन रियल वर्लड में भी 500 किमी से ज्यादा का सफर आराम से किया जा सकता है। 240 किलोवाट वाले फास्ट चार्जर से 20 मिनट में 400 किमी तक की रेंज मिलने का दावा है, हालांकि इतने पावरफुल चार्जर फिलहाल भारत में सीमित हैं।

CLA एक स्टाइलिश, टेक्नोलॉजी से भरपूर और एफिशिएंट EV है। पीछे की सीट और कुछ प्रैक्टिकल कमियां जरूर हैं, लेकिन ड्राइविंग एक्सपीरियंस और रेंज इसे खास बनाते हैं। अगर आप खुद ड्राइव करना पसंद करते हैं और एक अलग दिखने वाली प्रीमियम EV चाहते हैं, तो यह एक मजबूत विकल्प है।