नाराज़ ग्राहकों ने बैंक के बाहर किया प्रदर्शन

नवभारतटाइम्स.कॉम

काकोरी कस्बे में एसबीआई शाखा के बाहर खाताधारकों का गुस्सा भड़क उठा। उनके खातों से हजारों से लाखों रुपये गायब हो गए थे। ढाई महीने से कार्रवाई न होने से नाराज लोगों ने बैंक का शटर बंद कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने पहुंचकर जांच और गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। खाताधारकों ने आगे भी आंदोलन की चेतावनी दी है।

नाराज़ ग्राहकों ने बैंक के बाहर किया प्रदर्शन

nNBT न्यूज, काकोरी : काकोरी कस्बा स्थित एसबीआई शाखा में बुधवार सुबह खाताधारकों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब साढ़े नौ बजे नाराज ग्राहकों ने बैंक का शटर बाहर से बंद कर दिया और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। उस समय कुछ कर्मचारी अंदर मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

खाताधारकों का आरोप है कि उनके खातों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक गायब हो गए हैं। इस संबंध में शिकायतें और रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद करीब ढाई महीने से बैंक प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के निर्देश पर कस्बा चौकी इंचार्ज आशीष बालियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने जल्द ही जांच पूरी कर आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और शटर खुलवाया गया। प्रदर्शन में काकोरी की खातून, माटीपुर की सुनीता, मुबारकपुर के शिव कुमार व रामपति समेत कई लोग शामिल रहे। खाताधारकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई और रकम की वापसी नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।