n NBT रिपोर्ट, नोएडा
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बुधवार को नोएडा स्टेडियम में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत ‘ रन फॉर एम्पावरमेंट ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं और महिला पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं में आत्मविश्वास व स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और समाज में महिला सुरक्षा व सम्मान का संदेश फैलाना है। इसमें करीब 200 छात्राओं और 150 महिला पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया, जिसमें पूरे स्टेडियम में जोश और ऊर्जा का माहौल रहा। मुख्य अतिथि पैरा ओलिंपिक्स चैंपियन दीपा मलिक ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जीवन की मुश्किलें हमें कमजोर नहीं, बल्कि मजबूत बनाती हैं। मजबूत इरादे से हर चुनौती पार की जा सकती है। दौड़ में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार व प्रमाणपत्र दिए गए। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसीपी महिला सुरक्षा दीक्षा सिंह और एसीपी स्वतंत्र सिंह भी उपस्थित रहे।



