करनाल में दीवार तोड़ने पहुंची निगम की टीम, हंगामा

नवभारतटाइम्स.कॉम

करनाल के सेक्टर-33 में नगर निगम की टीम मंगलवार देर रात एवेन्यू सोसाइटी की दीवार तोड़ने पहुंची। स्थानीय लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया और काम रुकवा दिया। लोगों का आरोप है कि एक बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए वैध दीवार गिराई जा रही है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि दीवार तोड़ने पर वे कोर्ट जाएंगे।

करनाल में दीवार तोड़ने पहुंची निगम की टीम, हंगामा

NBT न्यूज,करनाल : शहर के सेक्टर-33 में मंगलवार देर रात नगर निगम की टीम एवेन्यू सोसाइटी की दीवार को तोड़ने के लिए पहुंची। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया और काम रुकवा दिया। लोगों का आरोप है कि यह दीवार पूरी तरह वैध है। इसके बावजूद एक बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए इसे गिराने की कोशिश की जा रही है। नगर निगम के अधिकारी मंगलवार की देर रात को दीवार को तोड़ने के लिए अपने अमले के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद रात को ही स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। कॉलोनी निवासियों का कहना है कि अगर दीवार को तोड़ने की हिमाकत की गई, तो हम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

एक बिल्डर ने करीब पांच एकड़ जमीन में कॉलोनी विकसित की हुई है। इस कालोनी का लाइसेंस बुढाखेड़ा-फुसगढ़ रोड के लिए मंजूर किया गया है। अब बिल्डर को अपनी जगह का उचित दाम नहीं मिल रहा, इसलिए वह विभागों पर दबाव बना रहा है कि दीवार को तोड़ा जाए, ताकि उसकी कालोनी की एंट्री सेक्टर-32-33 से हो सके।