मेरठ के SSP अविनाश पांडेय ने पशु हत्या रोकने में नाकाम और लापरवाही बरतने के मामले में गुरुवार को तीन दरोगा समेत छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। पुलिस के मुताबिक SSP ने मेरठ महानगर के मेडिकल थाना क्षेत्र के तेजगढ़ी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह परिहार, हेड कॉन्स्टेबल साजिद हुसैन और मवाना में तैनात उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक पुनीत कुशवाहा, हेड कॉन्स्टेबल राजीव कुमार और सिपाही मोहित कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। दरअसल, मवाना क्षेत्र के भैंसा गांव के नाले में तीन दिन पहले पशुओं के अवशेष मिले थे। इसके अलावा मेडिकल थाना क्षेत्र की तेजगढ़ी पुलिस चौकी क्षेत्र में भी पशुओं के अवशेष मिले थे। लोगों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की थी। SSP ने सभी थानेदारों को पशु हत्या की घटना को रोकने की हिदायत दी है।

