n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में नवरात्र की अष्टमी के पावन अवसर पर घरों और मंदिरों में श्रद्धा व भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही सेक्टरों में लोग पूजा-पाठ में जुटे रहे और विधि-विधान के साथ कन्या पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण धोए, तिलक लगाया और उन्हें हलवा, पूरी व काले चने का प्रसाद खिलाया। साथ ही उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया। घर-घर और मंदिरों में कन्याओं को आमंत्रित करने और भोजन कराने की विशेष व्यवस्था की गई। जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण बना रहा। कई स्थानों पर सुबह से ही कन्याओं को खोजने की होड़ लगी रही और भक्त पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना में लगे रहे। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन के बाद अपना व्रत खोला और मां दुर्गा से सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। लोगों ने एक-दूसरे को महाअष्टमी की शुभकामनाएं दीं और धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए इस पावन पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।


