NBT रिपोर्ट, मेरठ। बदायूं में HPCL प्लांट के दो अफसरों की हत्या के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के साथ अब उसके चार भाइयों पर भी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। आरोपी अजय और चार भाइयों के खिलाफ जानलेवा हमले की एक और एफआईआर दर्ज की गई है। मूसाझाग थाना ने 2025 में हुई घटना के मद्देनजर यह कार्रवाई की है।
बदायूं पुलिस के मुताबिक राहुल मिश्रा एचपीसीएल के सैंजनी प्लांट में कर्मचारी थे। उनका अजय प्रताप सिंह से विवाद हो गया था। आरोप है कि चार दिसंबर 2025 को अजय प्रताप सिंह ने अपने भाइयों के साथ मिलकर राहुल मिश्रा पर जानलेवा हमला कर दिया। राहुल का सिर फट गया था और गंभीर चोट लगी थी। शिकायत के बाद पुलिस ने राहुल का मेडिकल परीक्षण कराया था। लेकिन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। अब दोहरे हत्याकांड के लिए गई बनाई गई एसआईटी की जांच में यह मामला सामने आया है। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय की निगरानी वाली एसआईटी इसकी जांच करेगी। बदायूं के मूसाझाग थाने के इंस्पेक्टर वीरेंद्र तोमर के मुताबिक बुधवार रात आरोपी अजय प्रताप सिंह और उसके भाइयों अभय, केशव, चंद्रशेखर, शिवम के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।


