द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में 5 मिनट का सफर आधे घंटे में

नवभारतटाइम्स.कॉम

द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में जाम की समस्या गहरा गई है। शाम के समय 5 मिनट का सफर 30 से 40 मिनट में पूरा हो रहा है। कापासहेड़ा कट बंद होने से ट्रैफिक का दबाव टनल में बढ़ गया है। सेक्टर-21 राउंड अबाउट के पास सड़क संकरी होने से स्थिति और बिगड़ जाती है।

dwarka expressway tunnel 5 minute journey becomes 40 minute headache commuters frustrated by traffic

n NBT न्यूज, गुड़गांव

गुड़गांव और दिल्ली को जोड़ने वाली द्वारका एक्सप्रेसवे टनल एक बार फिर जाम का बड़ा केंद्र बन गई। शाम के समय हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि 5 मिनट का सफर 30 से 40 मिनट में पूरा होता है। यह कोई एक दिन की बात नहीं बल्कि आए दिन यह लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। बुधवार की शाम करीब 5 बजे के बाद हालात कुछ ऐसे ही बिगड़ गए। टोल देने के बाद भी वाहन चालकों को लंबा इंतजार झेलना पड़ा।

सबसे बड़ी वजह कापासहेड़ा की तरफ जाने वाला कट बंद होना बताया जा रहा है। पहले इस कट से काफी ट्रैफिक डायवर्ट हो जाता था, लेकिन अब दिल्ली-जयपुर हाइवे से आने वाले सभी वाहन टनल में ही घुस रहे हैं। इससे टनल के अंदर दबाव बढ़ गया है और एग्जिट पॉइंट पर जाम लग जाता है। सेक्टर-21 राउंड अबाउट के पास सड़क संकरी होने के कारण स्थिति और बिगड़ जाती है। सेक्टर-104 की पुरी एमरल्ड बे सोसायटी के निवासी दीपांकर का कहना है कि रोज शाम के समय यही हाल रहता है। पहले 4 किलोमीटर का सफर 10 मिनट में हो जाता था, लेकिन अब 30 मिनट तक लग रहे हैं। बुधवार को तो हालात और खराब रहे और लोगों को 40 मिनट तक जाम में फंसे रहना पड़ा। वहीं सेक्टर-103 की इंडिया बुल्स सोसायटी के निवासी धीरज ने बताया कि टनल में घुसते ही परेशानी शुरू हो जाती है और बाहर निकलने तक कोई रास्ता नहीं होता। ऐसे में काफी लंबे समय तक एक ही जगह खड़े रहना पड़ता है। सेक्टर-102 की हैरिटेज मैक्स सोसायटी के निवासी विमल का कहना है कि टनल से जो राहत मिलने की उम्मीद थी, वह अब नहीं मिल रही।