घरों और मंदिरों में किया कंजक पूजन, लिया आशीर्वाद

नवभारतटाइम्स.कॉम

दुर्गा अष्टमी पर शहर भक्तिमय हो गया। घरों और मंदिरों में मां दुर्गा की पूजा हुई। कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद लिया गया। शीतला माता मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण हुआ। भक्तों ने मां को चुनरी और नारियल चढ़ाए।

kanjak pujan performed in homes and temples on durga ashtami devotees took mothers blessings

n NBT न्यूज, गुड़गांव

नवरात्र के पावन पर्व पर दुर्गा अष्टमी के दिन शहर पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सुबह की पहली किरण के साथ ही मंदिरों में घंटियों की गूंज और जय माता दी के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। घरों से लेकर मंदिरों तक हर जगह मां दुर्गा की आराधना और कंजक पूजन किया गया।

अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि व खुशहाली की कामना की। घरों में छोटी-छोटी कन्याओं को मां का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया। उन्हें चना, हलवा और पूड़ी का भोजन कराया गया। चुनरी ओढ़ाकर और गिफ्ट देकर उनका आशीर्वाद लिया गया। मंदिरों में भी सुबह से ही भक्तों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। कई स्थानों पर विशेष भजन-कीर्तन और माता की चौकी का आयोजन किया गया।

शीतला माता मंदिर में हुआ कंजक पूजन: शहर के श्री शीतला माता मंदिर में दुर्गा अष्टमी पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। मां को चुनरी और नारियल चढ़ाया। लाइनों में लगकर मां के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। मंदिर में श्री शीतला माता श्राइन बोर्ड के सीईओ सुमित कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निरीक्षण किया। मंदिर के अंदर ही उन्होंने कंजक पूजन किया। सुबह के समय ही मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।