n NBT न्यूज, सोहना
सोहना क्षेत्र के गांव चमनपुरा में एक युवक ने बाहरी बदमाशों को बुलाकर एक परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल घर में घुसकर मारपीट की, बल्कि हवाई फायरिंग कर दहशत भी फैलाई। इस घटना में 3 लोग घायल हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
चमनपुरा निवासी रोहतास ने बताया कि वह अपनी परचून की दुकान पर मौजूद थे। उस समय घर पर उसकी पत्नी, पुत्रवधू गीत, पौत्र पुष्पेंद्र व भाई लोकेश मौजूद थे। इसी बीच गांव के ही मिंटू और भजनलाल अपने पांच-छह साथियों के साथ उनके घर पहुंचे और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे थे और वे काफी आक्रामक थे। उन्होंने रोहतास के बेटे होशियार को जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हमलावरों ने रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन इससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया। परिवार के सदस्यों ने जब हमलावरों को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत सोहना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए उन्हें गुरुग्राम के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सुखपाल सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच की, जिसके बाद लोगों के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।



