n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
नगर निगम की ओर से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक अप्रैल से एक माह का विशेष ‘इंटेंसिव सैनिटेशन ड्राइव’ चलाया जाएगा। यह अभियान निगम के सभी जोनों में एक साथ लागू होगा। निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया के आदेश के अनुसार, इस अभियान के तहत गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स को खत्म करने, मैकेनाइज्ड एवं मैनुअल रोड स्वीपिंग को प्रभावी बनाना, आंतरिक सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के अलावा बागवानी कचरे के निस्तारण पर ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के तहत हर जोन में जॉइंट कमिश्नर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जोन वन में अडिशनल कमिश्नर अंकिता चौधरी, जोन टू में अडिशनल कमिश्नर यश जलुका, जोन थ्री में अडिशनल कमिश्नर रविंदर यादव और जोन चार में जॉइंट कमिश्नर डॉ. प्रीत पाल सिंह शामिल हैं। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई की निगरानी, निरीक्षण एवं दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। अभियान के दौरान सभी जोनों को साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा, जिसमें ‘पहले और बाद’ की फोटोग्राफ्स भी शामिल होंगी। साथ ही, निगम कमिश्रर सभी जोन में औचक निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त मैनपावर, मशीनरी एवं वाहनों के लिए समय रहते प्रस्ताव प्रस्तुत करें। इसके साथ ही पार्षदों, आरडब्ल्यूए, बाजार यूनियन, एनजीओ के अलावा लाेगों की भागीदारी सुनिश्चित कर इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने पर जोर दिया गया है। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।



