मंदिर में चोरी करने आए, कुछ मिला नहीं तो चढ़ा गए 10 रुपये

नवभारतटाइम्स.कॉम

मनोहर नगर के एक मंदिर में चोरों ने ताला तोड़कर घुसने का प्रयास किया। उन्हें कुछ भी नहीं मिला तो वे खाली हाथ लौट गए। खाली हाथ लौटे चोरों ने मंदिर में 10 रुपये चढ़ा दिए। इलाके में चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं। पुलिस गश्त बढ़ाने का आश्वासन दे रही है।

मंदिर में चोरी करने आए, कुछ मिला नहीं तो चढ़ा गए 10 रुपये

n NBT न्यूज, मनोहर नगर: न्यू कॉलोनी थाना एरिया के मनोहर नगर के एक मंदिर से अंधेरे का फायदा उठाकर चोर ताला तोड़कर अंदर तो घुस गए लेकिन खाली हाथ रहे। दिलचस्प बात यह है कि जब कोई सामान या रकम नहीं मिली तो खाली हाथ लौटते चोरों ने मंदिर में ही 10 रुपये चढ़ा दिए।

इलाके में बढ़ती चोरी की वारदात के बीच मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय लोगों और मंदिर प्रबंधन के अनुसार यह पहला मामला नहीं है, जब चोरों ने मंदिर में चोरी की कोशिश की हो। इसी मंदिर को पहले भी कई बार निशाना बनाया जा चुका है। लंबे समय से इलाके के लोग सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं। वहीं इसको लेकर लोगों का कहना है कि पहले भी पुलिस को शिकायत दी है, लेकिन वारदात कम होने का नाम नहीं ले रही है। लोगों ने बताया कि इस बार राहत की बात रही कि चोर दान पेटी को नहीं तोड़ पाए, इससे रकम सुरक्षित रही। सुबह जब मंदिर पहुंचे और गेट का ताला टूटा दिखा तो मामले का खुलासा हुआ। इधर, मामले को लेकर न्यू कॉलोनी थाना प्रभारी तेजपाल ने कहा कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाएगी और शिकायत मिलते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।