एयरपोर्ट में नोएडा अथॉरिटी की सबसे बड़ी हिस्सेदारी

नवभारतटाइम्स.कॉम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना में नोएडा अथॉरिटी की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है। भविष्य में एयरपोर्ट से होने वाली आय का अधिकतम लाभ नोएडा अथॉरिटी को मिलेगा। यह आय शहर के विकास और रखरखाव में इस्तेमाल होगी।

noida authoritys largest stake in airport will become a major revenue source in the future

भविष्य में प्राधिकरण के लिए रेवेन्यू का बड़ा स्रोत बनेगा यह प्रोजेक्ट

NBT रिपोर्ट, नोएडा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। एयरपोर्ट परियोजना में जमीन अधिग्रहण और विकास कार्यों के लिए नोएडा अथॉरिटी , ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी, यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी और उत्तर प्रदेश सरकार ने संयुक्त निवेश किया है। कुल हिस्सेदारी में नोएडा अथॉरिटी और प्रदेश सरकार की भागीदारी सबसे अधिक 37.5-37.5 प्रतिशत है, जबकि ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी की 12.5-12.5 प्रतिशत है। नोएडा अथॉरिटी ने अब तक भूमि अधिग्रहण और बुनियादी ढांचे पर करीब 5000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। चूंकि नोएडा अथॉरिटी का योगदान सबसे बड़ा है, इसलिए भविष्य में एयरपोर्ट से मिलने वाले राजस्व का अधिकतम लाभ भी इसी को मिलेगा। यात्री संख्या और कार्गो ट्रैफिक बढ़ने के साथ आय लगातार बढ़ेगी। पूरी तरह विकसित होने पर जेवर एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े एविएशन हब में शामिल होगा। जानकारों का मानना है कि इससे आसपास के क्षेत्रों में रियल एस्टेट और औद्योगिक विकास को तेज गति मिलेगी। बड़ी कंपनियां निवेश के लिए आकर्षित हो रही हैं। नोएडा अथॉरिटी के लिए यह परियोजना स्थायी राजस्व का बड़ा स्रोत बनेगी। एयरपोर्ट से प्राप्त आय का उपयोग शहर के रखरखाव, नई सड़कों, फ्लाईओवर, मेट्रो विस्तार और अन्य शहरी सुविधाओं के विकास में किया जाएगा। इससे नोएडा के भविष्य की जरूरतें आसानी से पूरी हो सकेंगी और बुनियादी ढांचा मजबूत बनेगा।