बारिश से ट्रिपिंग की शिकायतें बढ़ीं, 2 से 3 घंटे तक लगे कट

नवभारतटाइम्स.कॉम

गाजियाबाद शहर में बारिश के कारण बिजली कटौती की समस्या बढ़ गई है। कई इलाकों में दो से तीन घंटे तक बिजली गुल रही। लोगों ने हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज कराईं। विद्युत निगम का कहना है कि समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है।

rain becomes a menace in ghaziabad public troubled by power outages cuts lasting 2 3 hours

n NBT न्यूज, गाजियाबाद

शहर के लोगों को बिजली कटौती से राहत नहीं मिल रही है। हल्की सी बारिश में बिजली कट शुरू हो जाते हैं। शुक्रवार को कई इलाकों में ट्रिपिंग की दिक्कत रहीं। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली कट लगते रहे। वहीं, हेल्पलाइन नंबर पर सुबह से शाम तक 50 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। लगातार मरम्मत कार्य होने के बाद बारिश में ब्रेकडाउन और फॉल्टों की संख्या बढ़ जाती है।चिपियाना बुजुर्ग, कैला भट्टा, इस्लाम नगर, संजय नगर, रहीसपुर, पंचकुला कॉलोनी, भाटिया मोड़, पंचवटी कॉलोनी, राकेश मार्ग सहित कई इलाकों में बिजली गुल रही। कई इलाकों में दो से तीन घंटे के लंबे कट भी लगे।

बारिश के बाद से विद्युत आपूर्ति अस्थिर हो गई

लोगों का आरोप है कि विद्युत निगम में कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। बारिश के बाद से ही विद्युत आपूर्ति अस्थिर हो गई है। कई क्षेत्रों में दिन और रात बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। कई बार शिकायत दर्ज होने के बाद भी समस्या जस की तस बनी रहती है। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि फॉल्ट संबंधी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा रहा है। शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है।