NBT रिपोर्ट, पटौदी
एरिया के गांव खोड़-लोकरा रोड पर शुक्रवार रात खतरनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क किनारे पैदल जा रहे बुजुर्ग और उनके दो मासूम नवासों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों 10 से 30 फीट दूर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर जांच करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
रफ्तार ऐसी कि सड़क से नीचे उतर गई गाड़ी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी सड़क से नीचे उतर गई। हादसे के बाद आरोपी चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण घायलों को लेकर सरकारी अस्पताल पटौदी पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। तीनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पटौदी पुलिस और एएसआई ब्रह्मप्रकाश की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को कब्जे में ले लिया। मामले की जांच थाना पटौदी के एएसआई तरुण को सौंपी गई है। पुलिस टीम ने गाड़ी नंबर के आधार पर चालक का पता लगाया और उसे अरेस्ट कर लिया। पता चला कि चालक 25 साल का दीपांशु गुड़गांव का रहने वाला है। हादसा कैसे हुआ और अचानक गाड़ी कैसे बेकाबू हाे गई, इसे लेकर पुलिस आराेपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि मामले की जांच जारी है।



