n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए राजनगर एक्सटेंशन में नई योजना के तहत व्यावसायिक केंद्र बनाने जा रही है। मेयर सुनीता दयाल ने सोमवार को अधिकारियों के साथ यहां निगम की खाली पड़ी जमीनों का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त पल्लवी सिंह, मुख्य अभियंता एनके चौधरी, संपत्ति अधीक्षक रामशंकर वर्मा और लेखपाल सुरेंद्र कौशिक मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने करीब 10 से 12 स्थानों का जायजा लिया। ये जमीनें बिल्डरों द्वारा छोड़ी गई हैं, जिन पर अब नगर निगम व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने की योजना बना रहा है। महापौर ने पाया कि आसपास के क्षेत्रों में पहले से ही व्यापारिक गतिविधियां तेज हैं। ऐसे में अगर इन जमीनों का सही उपयोग किया जाए तो निगम की आय बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। नगर निगम पहले भी कैला भट्टा क्षेत्र में दुकानों का निर्माण कर चुका है और राज नगर एक्सटेंशन में एक कॉम्प्लेक्स भी तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द ही जनता के लिए खोला जाएगा।





