आगजनी के बाद टावर-D का होगा स्ट्रक्चरल ऑडिट

Contributed byILA|नवभारतटाइम्स.कॉम

इंदिरापुरम की गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में आग लगने के बाद स्थिति सामान्य हो रही है। टावर-डी का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा। प्रभावित परिवारों को धीरे-धीरे उनके फ्लैटों में लौटने में मदद की जा रही है। कुछ फ्लैटों को काफी नुकसान हुआ है। प्रबंधन समिति प्रभावितों की हर संभव मदद कर रही है।

आगजनी के बाद टावर-D का होगा स्ट्रक्चरल ऑडिट

NBT रिपोर्ट, इंदिरापुरम

अभय खंड स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने लगी है। सोसायटी की प्रबंध समिति के मुताबिक, प्रभावित परिवार धीरे-धीरे अपने फ्लैटों में लौट रहे हैं और बहाली का काम जारी है। प्रबंधन समिति ने बताया कि आग की घटना में करीब 20 से 22 फ्लैट क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें कुछ फ्लैट पूरी तरह से डैमेज हो गए हैं, जबकि कई फ्लैट को धुएं और गर्मी के कारण नुकसान पहुंचा है। जिन घरों को ज्यादा क्षति हुई है, वहां रहने वाले लोग फिलहाल अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं, जबकि कुछ परिवार अस्थायी रूप से होटल में ठहरे हुए हैं। समिति के मुताबिक, दो फ्लैटों का इंश्योरेंस होने के कारण अभी वहां सफाई शुरू नहीं कराई गई है। इंश्योरेंस प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

टॉवर डी के स्ट्रक्चर ऑडिट करने की योजना : वहीं, टावर-डी की सुरक्षा को लेकर भी सोसायटी प्रबंधन गंभीर है। आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष दिनेश त्यागी ने बताया कि आग के बाद टावर की स्थिति को देखते हुए आरडब्ल्यूए सदस्यों के साथ बैठक में स्ट्रक्चर ऑडिट कराने पर निर्णय लिया जाएगा। इससे यह पता लगाया जाएगा कि बिल्डिंग पूरी तरह सुरक्षित है या नहीं और भविष्य में वहां रहना कितना सुरक्षित रहेगा। प्रभावित टावर में बिजली के पैनल को नुकसान पहुंचाने के कारण कई फ्लैटों की बिजली और अन्य सुविधाएं प्रभावित हुई थीं। ऐसे में प्रबंधन समिति ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए 5वें और 8वें फ्लोर से बिजली, पानी और आईजीएल गैस पाइपलाइन का अस्थायी कनेक्शन उपलब्ध कराया है, ताकि निवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उपाध्यक्ष ने कहा कि राहत और बहाली का काम लगातार जारी है।