n NBT न्यूज, नोएडा
सीबीआई अधिकारी बताकर साइबर ठगों ने धन शोधन व मानव तस्करी के नाम पर एफसीआई से सेवानिवृत्त 70 वर्षीय बुजुर्ग को 14 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रख 7 लाख रुपये ठग लिए। जब पीड़ित को ठगी के बारे पता चला तो उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-34 निवासी मुरारी प्रसाद ने बताया कि 10 अप्रैल को उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके आधार कार्ड का दुरुपयोग कर आपराधिक गतिविधियां की गई हैं। इसके बाद कॉल दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर की गई, जिसने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए सुनियोजित तरीके से बातचीत की और सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जांच चलने का दावा किया। पीड़ित को गिरफ्तारी, संपत्ति जब्ती और पेंशन बंद कराने की धमकी दी गई। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देकर किसी से भी बात न करने के लिए कहा गया। वीडियो कॉल के जरिए लगातार पूछताछ करते हुए उनसे बैंक खातों, निवेश और वित्तीय जानकारी ली गई। आरोपियों ने जांच के नाम पर रकम ट्रांसफर कराने का दबाव बनाया। डर के कारण बुजुर्ग ने 24 अप्रैल को 7 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में संदेह होने पर उन्होंने आगे भुगतान रोक दिया और पुलिस से संपर्क किया। एसीपी स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।





