n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
दिल्ली के रहने वाले एक शख्स को सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर 9.36 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। रकम लेने के बाद उन्हें कोई जमीन नहीं दिलाई। बाद में जब रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने घर बुलाकर अपनी मां के साथ मिलकर उनके पर जानलेवा हमला किया और बेरहमी से पीटा। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर नगर कोतवाली में कुलदीप कुमार और माया देवी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
शिकायत में दिल्ली के हर्ष विहार निवासी मदनलाल ने बताया कि वह इंडियन कोस्ट गार्ड मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस से रिटायर्ड हैं। उनके परिचित कुलदीप उनके भतीजे का रिश्ते का साला है जो नगर कोतवाली क्षेत्र में न्यू पंचवटी कॉलोनी में रहता है। आरोप है कि उसने उनसे कहा कि आपके पास रिटायरमेंट के रुपये हैं तो वह सस्ती जमीन दिला सकता है। सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर उसने उनसे 9,36,770 रुपये ले लिए। विश्वास में उन्होंने रुपये दे दिए। आरोप है कि रुपये देने के बाद जब उन्होंने जमीन दिलाने के लिए कहा तो वह टालमटोल करने लगा और रकम वापस नहीं की। 17 अक्टूबर 2025 को कुलदीप ने कॉल कर कहा कि रुपये का इंतजाम हो गया है और देने के लिए उसने अपने घर बुलाया। वहां उसने अपनी मां के साथ मिलकर उनके जान से मारने की नीयत से रॉड से हमला कर मारपीट की जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया। आरोप है कि लेकिन कुलदीप ने पुलिस से सांठगांठ करके रिपोर्ट दर्ज नहीं होने दी। मामले में उन्होंने अब पुलिस आयुक्त से शिकायत कर केस दर्ज कराया है। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।





