n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट
बिसरख कोतवाली एरिया की अरिहंत आर्डन सोसायटी में बुधवार देर रात एक फ्लैट की बालकनी में शॉट सर्किट से अचानक आग लग गई। रात के समय फ्लैट की बालकनी से धुएं और आग की तेज लपटों को देखकर आसपास के टावर व नीचे के फ्लोर पर रह रहे निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद लोगों ने मेंटिनेंस और एओए की टीम को कॉल करके सूचना दी। इसके बाद समय रहते स्टाफ ने दस मिनट में आग पर काबू पाया। गनीमत रही है कि घटना में कोई हतहत नहीं हुआ।
सोसायटी में एओए के अध्यक्ष निशित चतुर्वेदी और सचिव लोकेश त्यागी ने बताया कि परिसर के टावर एन के एक फ्लैट में देर रात साढ़े तीन चार बजे के करीब बालकनी से तेज धुएं और आग की लपटें उठ रही थी। इसको देखते ही नीचे के फ्लैट में रह रहे निवासी अनुराग ने एओए को सूचना दी। इसके बाद सिक्यॉरिटी एवं मेंटिनेंस टीम के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट मालिक को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्मी के दिनों में एसी चलाकर फ्लैट मालिक सो रहे थे, इसके बाद उनके फ्लैट की कई बार घंटी बजाने के बाद लगभग 10 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। फ्लैट में आग लगने के कारण शार्ट सर्किट ही बताया जा रहा है। आग के कारण बालकनी में रखी ऑटोमैटिक कपड़े धोने की मशीन और अन्य सामान जलकर राख हो गया है। इस घटना की जानकारी समय से मिलने और मौके पर तत्काल टीम के कार्य करने से आग ज्यादा नहीं बढ़ पाई। सही सूचना और त्वरित कार्रवाई हो, तो बड़ी दुर्घटना को टाला गया है। उन्होंने बताया कि हाईराइज सोसायटियों में पर्याप्त ऊंचाई तक पहुंचने वाले हाइड्रोलिक प्लेटफार्म और रेस्क्यू सिस्टम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही अधिक संख्या में टावर-बिल्डिंग वाले क्षेत्रों में संसाधनों का नियमित ऑडिट किया जाए।





