HSVP ने दो सेक्टरों से दो एकड़ सरकारी ज़मीन कराई कब्ज़ामुक्त

नवभारतटाइम्स.कॉम

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने शहर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सेक्टर-45 और 47 में अभियान चलाकर करीब दो एकड़ भूमि को कब्ज़ामुक्त कराया गया। इस दौरान कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त भी किया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा। विभाग ने गंभीर अतिक्रमणों को हटाया।

hsvp clears 2 acres of government land from sectors 45 and 47 demolishes several structures

n NBT न्यूज, गुड़गांव

शहर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-45 और 47 में अभियान चलाया। इस दौरान दो सेक्टरों में करीब दो एकड़ भूमि को पूरी तरह कब्जामुक्त कराया गया और कई निर्माण ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिसबल मौजूद रहा।

सेक्टर-45 में की गई कार्रवाई में विभाग की उस भूमि को खाली कराया गया, जिस पर स्कूल साइट प्लान प्रस्तावित है। इसके अलावा अनप्लांड क्षेत्र में फैले अतिक्रमण को भी हटाया गया, जहां भविष्य में नियोजन की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसी दौरान कन्हई गांव के रकबे में एचएसवीपी की भूमि के रेजिडेंशल प्लॉट पर किए गए अवैध कब्जे को भी हटाया गया। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्रवाई का नेतृत्व एसडीओ अमित वशिष्ठ और जूनियर इंजीनियर मोईन खान ने किया। वहीं जेई गौरव यादव के नेतृत्व में सेक्टर-47 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई। इस दौरान एकिया कंपनी के साथ लगती विभागीय जमीन से बड़ा कब्जा हटाया गया, जिसे विभाग ने गंभीर अतिक्रमण की श्रेणी में रखा था। पूरे अभियान के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट आकाशदीप की निगरानी में कार्रवाई पूरी की गई। मौके पर विभागीय अधिकारी जूनियर इंजीनियर विकास सैनी, अमनदीप सिंह और रामपाल आर्य भी मौजूद रहे।