n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
विभूतिखंड में NTPC दफ्तर के सामने निर्माणाधीन अस्पताल में गुरुवार सुबह बेसमेंट की दीवार बनाते वक्त मिट्टी व निर्माण सामग्री धंसने से एक मजदूर की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। अन्य मजदूरों ने बताया कि हादसे के बाद ठेकेदार मौके से भाग गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह के मुताबिक, जानकीपुरम निवासी डॉ. यादवेंद्र नाथ चौबे NTPC दफ्तर के सामने आरोग्यम मेडिकेयर नाम से अस्पताल बनवा रहे हैं। बाराबंकी के रामनगर निवासी विपिन कुमार अवस्थी ने बताया कि वह अपने भाई लक्ष्मी शंकर अवस्थी (35) व 10 अन्य मजदूरों संग बेसमेंट की दीवार बनाने के लिए खोदाई कर रहे थे, तभी मिट्टी और निर्माण सामग्री धंस गई। लक्ष्मी शंकर और बाराबंकी के सफदरगंज निवासी तुलसीराम मलबे में दब गए। बाकी मजदूरों ने मलबा हटाना शुरू किया।
सूचना पर कुछ देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड भी आ गई, पर SDRF आधे घंटे बाद पहंुची। इसके बाद दोनों को मलबे से निकालकर लोहिया संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लक्ष्मी शंकर को मृत घोषित कर दिया।8पेज 3





