n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (PFTI) की ओर से सोहना रोड स्थित क्लब कैप्री में गुरुवार को गुड़गांव इंडस्ट्री पुलिस डायलॉग 2026 का आयोजन किया गया। इसमें औद्योगिक शांति, सुरक्षा और प्रगति जैस बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान पीएफटीआई ने पुलिस कमिश्नर को एक मांग पत्र भी सौंपा। इसमें औद्योगिक विवादों को लेकर पुलिस प्रोटोकॉल तय करने की मांग की गई, जिससे लोगों को सुविधा हो।
पीएफटीआई के मांग पत्र में कहा गया है कि औद्योगिक इकाइयों में सिविल प्रकृति के मामलों में पुलिस के हस्तक्षेप के कई मामले सामने आए हैं, जिससे इंडस्ट्री काफी असहज महसूस करती है। इंडस्ट्रियल डिस्प्यूट्स एक्ट और क्रिमिनल प्रोसीजर कोड का हवाला देते हुए कहा गया है कि पुलिस केवल उन्हीं मामलों में हस्तक्षेप करे, जहां संज्ञेय अपराध हो या कानून-व्यवस्था का खतरा हो। वेतन, सेवा शर्तें और टर्मिनेशन जैसे विवादों का समाधान लेबर डिपार्टमेंट और न्यायिक मंचों के जरिये ही होना चाहिए। पीएफटीआई ने सुझाव दिया कि इस संबंध में स्पष्ट रूप से दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। लेबर डिपार्टमेंट के साथ मिलकर एसओपी बनाई जाए और नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। साथ ही पुलिस व उद्योग के बीच नियमित संवाद और जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया गया। चेयरमैन दीपक मैनी ने कहा कि पुलिस कमिश्नर ने फेडरेशन की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों को ध्यान से सुना और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल से गुड़गांव में उद्योगों और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत होगा और बेहतर कारोबारी माहौल तैयार होगा। इस मौके पर फेडरेशन के वाइस चेयरमैन डॉ. एसपी अग्रवाल, महानिदेशक आरएल शर्मा, निदेशक डॉ. अंशुल ढींगरा, वरिष्ठ उद्योगपति वीपी बजाज, उद्यमी बोधराज सीकरी आदि मौजूद रहे।





