n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
शहर में गुरुवार को बदली-बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बादलों की आवाजाही और हवाओं के असर से दिन के पारे में 7 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। सुबह और देर रात कई जगह हल्की बारिश भी हुई। बुधवार के 39.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले गुरुवार को अधिकतम पारा 31.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। रात का पारा भी गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुक्रवार को मौसम में बदलाव की संभावना है। सुबह बादलों की आवाजाही रहेगी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होगा और तापमान भी बढ़ेगा।
लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार से प्रदेश में पारा फिर बढ़ेगा। 4-5 मई को अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में दोबारा गिरावट की संभावना है।





