n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
लोकसभा में गिरे महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर गुरुवार को बुलाए गए विशेष सत्र से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष ने सदन के अंदर और बाहर हंगामा किया और प्रदर्शन कर अपनी-अपनी ताकत दिखाई। भाजपा ने महिला संशोधन बिल के समर्थन में मार्च निकाला। वहीं, सपा विधायकों ने विधानभवन के सभी गेटों पर प्रदर्शन किया। विशेष सत्र में सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘नारी सशक्तीकरण’ पर चर्चा का प्रस्ताव रखते हुए सपा-कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा, वास्तव में आप लोग (सपा और कांग्रेस) महिलाओं के अधिकारों का समर्थन करते हैं, तो 17 अप्रैल को संसद में 'इंडी गठबंधन' के आचरण की निंदा करें। संसद में विधेयक का विरोध करने वाले दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया।
सीएम योगी ने शाहबानो प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक मुस्लिम महिला को न्याय दिलाने के बजाए मौलवियों के आगे घुटने टेक दिए थे। कानून का सम्मान करके शाहबानो को न्याय दिलाया होता तो कांग्रेस की यह स्थिति न होती। गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि आप सभी महिलाओं के श्राप से शापित हैं। कांग्रेस की दुर्गति आप देख ही रहे हैं। यूपी में 40 साल से वह लगातार बंजर होती जा रही है। आपने (सपा ने) भी उसका अनुसरण कर लिया है, इसलिए आपकी भी यही दशा तय है।
योगी ने कटाक्ष किया कि जो काले कर्मों से राजमहल सजाते हैं, वही इतिहास में कलंक बन जाते हैं। 17 अप्रैल को नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम गिराकर सपा, कांग्रेस, डीएमके और टीएमसी ऐसे ही कलंक बन गए हैं। प्रस्ताव गिरते ही इन्होंने एक-दूसरे को बधाई दी। विपक्ष के इस आचरण से पूरा देश आहते है।





