n दीपाली श्रीवास्तव, गुड़गांव
हजारों किलोमीटर लंबी उड़ान भर प्रवासी पक्षियों ने एक बार फिर गुड़गांव में दस्तक दी है। ब्रीडिंग सीजन की शुरुआत के साथ ही सुल्तानपुर नैशनल पार्क और भोंडसी इन दिनों परिंदों की चहचहाहट से गूंज रहे हैं। पैराडाइज फ्लाईकैचर , इंडियन पिट्टा और ओरिएंटल प्रेंटिनकोल जैसी प्रजातियों ने यहां अपना अस्थायी बसेरा बना लिया है।हर साल की तरह इस बार भी ये मेहमान पक्षी सुरक्षित माहौल, पर्याप्त भोजन और हरियाली की तलाश में यहां पहुंचे हैं। पेड़ों की घनी छांव और जल स्रोतों के आसपास अब घोंसले बनने लगे हैं और नई जिंदगी की शुरुआत की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। आने वाले हफ्तों में अंडों से चूजों के निकलने और उनकी पहली उड़ान का पूरा इलाका साक्षी बनेगा। यह वार्षिक आगमन स्थानीय इको-सिस्टम के संतुलन और स्वस्थ होने का संकेत भी देता है। वन्यजीव विशेषज्ञ अनिल गंडास के अनुसार इन स्थानों पर पानी हरियाली और शांति का संतुलन इन्हें आदर्श ब्रीडिंग ग्राउंड बनाता है। बताया कि ओरिएंटल प्रेंटिनकोल इस बार समूह में देखे जा रहे हैं, जो इनके अनुकूल माहौल का संकेत है।
16 मई को चार महीने के लिए बंद हो जाएगा पार्क : DFO वाइल्डलाइफ राम कुमार ने बताया कि पक्षियों के ब्रीडिंग सीजन के दौरान किसी भी तरह की मानव गतिविधि से उन्हें परेशानी न हो इसे ध्यान में रखते हुए हर साल 16 मई से 30 सितंबर तक पार्क को आम लोगों के लिए बंद कर दिया जाता है। यह कदम पक्षियों को सुरक्षित और शांत वातावरण देने के लिए बेहद जरूरी है।

