n NBT न्यूज, नूंह : लघु सचिवालय में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने अपराध गोष्ठि की अध्यक्षता की। जिले के सभी थाना प्रबंधक, स्टाफ प्रभारी, चौकी प्रभारी व शाखा प्रभारी मौजूद रहे। SP डॉ. अर्पित जैन ने अपराध व अपराधियों पर नियंत्रण को लेकर कड़े निर्देश दिए। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी दी कि 26 दिन में अलग-अलग मामलों में 500 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन इनामी बदमाश भी शामिल हैं, इन पर 2 हजार से लेकर 10 हजार रुपये तक का इनाम था। इसके अलावा एक हिस्ट्रीशीटर और वाहन चोरी गिरोह से जुड़े दो सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 20 उद्घोषित अपराधियों सहित पांच जमानत तर्क आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले में 50 स्थानों को हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है, जहां पुलिस की निगरानी बढ़ाकर 28 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है।

