कल से फिर बदलेगा मौसम, बारिश के आसार

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में मौसम एक बार फिर बदलेगा। तीन से पांच मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। पिछले दिनों हुई आंधी और बारिश का असर शुक्रवार को भी दिखा। तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को मौसम साफ रहेगा।

weather to change again from tomorrow chances of rain in faridabad relief from heat

nNBT न्यूज, फरीदाबाद

जिले में गुरुवार शाम आई आंधी व बारिश का असर शुक्रवार को भी मौसम पर देखने को मिला। बेशक मौसम पूरी तरह से साफ था, लेकिन तापमान में पिछले दिनों की तुलना में हल्की गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। तीन से पांच मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है, जिससे गर्मी से राहत मिली रहेगी। फरीदाबाद के लोगों ने अप्रैल महीने के अंतिम सप्ताह में भयंकर गर्मी का सामना किया है। सूरज की तपिश, तेज धूप व गर्म हवाओं के कारण तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन पिछले दो दिनाें से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। तेज हवाओं के साथ बादल छाने व हल्की बारिश होने से गर्म हवाओं का असर भी कम हो गया है। शुक्रवार को ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। मौसम सुबह से ही साफ था और तेज धूप निकली रही, लेकिन हवाएं पिछले दिनों जैसी गर्म नहीं थी और सूरज की तपिश भी कुछ कम थी। ऐसे में तापमान में हल्की गिरावट बनी हुई है।

मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार शुक्रवार को फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 24.2 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया। वेबसाइट के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव बना रहेगा। शनिवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन तीन से पांच मई तक फिर से बादल छाने, तेज हवाएं चलने और गरज - चमक के साथ हल्की बारिश व बूंदाबांदी होने का अनुमान है। इससे दिन के तापमान में अधिक बदलाव होने का अनुमान नहीं है।