nNBT न्यूज, फरीदाबाद : एनआईटी एयरफोर्स रोड के पास एक जर्जर बिजली के खंभे को बदलने के बजाय तार के सहारे बांध दिया गया है। इस खंभे पर एक ट्रांसफॉर्मर भी रखा है। लोगों का कहना है कि बिजली निगम की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसकी शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
निवासियों का कहना है कि रोड पर बिजली का खंभा पूरी तरह जर्जर हो चुका है, इसे बिजली निगम ने बदला नहीं है। इससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। इस रोड से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन और राहगीर गुजरते हैं। ऐसे में यदि यह खंभा गिरता है तो बड़ा हादसा हो सकता है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और खतरनाक बनी हुई है। निवासी हरीश ने बताया कि कई दिनों पहले गाड़ी की टक्कर से ये खंभा टूट गया था। इसकी शिकायत करने के बाद भी इसे बदला नहीं गया। खंभे को तार से बांध दिया गया है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। यहां मकान से सटकर ट्रांसफाॅर्मर लगा दिया गया है, जिससे वहां रहने वाले लोगों को हादसे की आशंका सता रही है। लोग बिजली निगम से ट्रांसफाॅर्मर को थोड़ा दूरी पर लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। ट्रांसफाॅर्मर में लगे बिजली के तार मकान की बालकनी में से छूकर निकल रहे हैं। इस कारण लोगों का बालकनी और छत पर जाना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद न तो जर्जर खंभे को बदला गया और न ही तार को सुरक्षित दूरी पर किया गया है। इससे लोगों में निगम के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
वहीं, इस संबंध में एसडीओ अंकित चौहान से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

