योजना से मुनाफा लेने के चक्कर में हो गया हज़ारों का नुकसान

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव में साइबर ठगी के छह मामले सामने आए हैं। ठगों ने योजना का लाभ दिलाने और लॉटरी निकलने का झांसा देकर लोगों से पैसे ठगे। एक युवती ने विदेशी बनकर युवक से रकम ट्रांसफर करवाई। पुलिस ने शिकायत के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

cyber fraud network thousands of rupees duped in the name of schemes lotteries and jobs

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

शहर में अलग-अलग थाना एरिया में साइबर ठगी के 6 मामले सामने आए हैं। ठगों ने कहीं लॉटरी निकलने का झांसा देकर तो कहीं पर योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी की। एक युवती ने विदेशी बताकर एक युवक से रकम ट्रांसफर करवा ली। पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के मोबाइल नंबर और बैंक डिटेल्स के आधार पर जांच की जा रही है।

पहले मामले में मूलरूप से राजस्थान के भिवाड़ी निवासी कुमार अंकुल ने बताया कि वह बिलासपुर में एक कंपनी में काम करता है। फरवरी में उसके पास एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉलर ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना से उनके खाते में 12 हजार रुपये आएंगे। उसकी बातों पर विश्वास कर यूपीआई के लिए प्रोसेस पूरा कर दिया। इसी दौरान उनका फोन हैंग हो गया व अकाउंट से पांच ट्रांजेक्शन में 45 हजार 980 रुपये कट गए। मानेसर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

बेचना था बंक बेड, चले गए 98 हजार : सेक्टर एक मानेसर निवासी श्वेता डबास ने पुलिस को बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करती है। उन्होंने 13 अप्रैल को बंक बेड बेचने के लिए ओएलएक्स पर ऐड डाला था। इसके बाद उनके पास एक कॉल आई। काॅलर ने अपना नाम दीपक बताया। बात होने पर दस हजार रुपये एडवांस भेजे, जबकि पांच हजार रुपये बाद में देने की बात कही। महिला के पास क्यूआर कोड भेज दिया। कहा कि वह पहले कुछ पैसे भेजे, जिससे अकाउंट कंफर्म हो जाएगा। ऐसा करके उसने कई ट्रांंजक्शन में 98 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

लाटरी निकलने की बात कह ऐंठ लिए 51 हज़ार रुपये : मध्य प्रदेश के सीधी जिला निवासी सत्यम कुमार तिवारी ने बताया कि वह मानेसर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। 15 मार्च को वह अपने कमरे पर था। इस दौरान वह अपना मोबाइल देख रहा था। एक विज्ञापन पर क्लिक किया तो उसके पास मैसेज आया कि उनकी दस लाख की लाटरी लगी है। इसके बाद उसके वॉट्सएप पर एक युवक से बात होने लगी। लाटरी की रकम देने के लिए जीएसटी चार्ज की बात कहकर उसने 51 हजार 300 रुपये अलग- अलग अकाउंट में जमा करवा लिए। पुलिस ने इस बारे में शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया है।

साइट से निकाला हेल्पलाइन नंबर, चले गए रुपये : जीओ हॉटस्टार का कनेक्शन अपडेट करवाने के नाम पर एक जीएम से ठगी हो गई। मूलरूप से कलकता निवासी पारितोष घोष ने बताया कि वह धारूहेड़ा में एक कंपनी में जीएम हैं। उसने जिया हॉटस्टार कनेक्शन अपडेट करवाने के लिए साइट से हेल्पलाइन नंबर लिया था। इसके बाद एक युवक से बात हुई। उसने बैंक की डिटेल लेकर 49 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली। बात में पता चला कि फर्जी साइट का नंबर उनको साइट से मिला।

कस्टमर केयर अधिकारी बन ट्रांसफर करवा लिए पैसे: साइबर ठगी के एक और मामले में किसी अज्ञात ने क्वॉन डीसीएक्स कंपनी का कस्टमर केयर अधिकारी बनाकर 39 हजार से अधिक की ठगी कर ली। जटौली निवासी रणजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि आरोपी ने गुगल प्ले स्टोर अपडेट करने के नाम पर पहले दस रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद 39 हजार की रकम कई बार में ट्रांसफर करवा ली।