- मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनों की कार्यप्रणाली देखी, सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने शहर में सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से देर रात औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे शहर की प्रमुख सड़कों पर चल रही मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों की कार्यप्रणाली का जायजा लेने पहुंचे।
निगम कमिश्नर ने शहर के अतुल कटारिया चौक, शीतला माता रोड, बस स्टैंड, सदर बाजार, झाड़सा रोड, ओल्ड रेलवे रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित वरिष्ठ सफाई निरीक्षकों व सफाई निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों व फुटपाथों से अतिक्रमण और मलबा हटाकर उन्हें स्वच्छ व व्यवस्थित बनाया जाए। निगम कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी वेंडर्स के पास डस्टबिन होना अनिवार्य है। यदि कोई वेंडर डस्टबिन नहीं रखता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अडिशनल कमिश्नर रविंद्र यादव भी मौजूद रहे।

